मैनपुरी , अप्रैल 25 -- उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने जनसुनवाई के दौरान विद्युत विभाग को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर आम उपभोक्ताओं के बीच फैली भ्रांतियों और आशंकाओं को दूर किया जाए। इसके लिए सभी विद्युत उपकेंद्रों पर विशेष शिविर लगाकर उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाए। जनसुनवाई के दौरान सलेमपुर निवासी नरेंद्र सिंह ने शिकायत की कि उनकी दिवंगत दादी के नाम प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजना के तहत कनेक्शन लिया गया था, लेकिन मीटर लगने के बावजूद लाइन नहीं जोड़ी गई और बाद में 25 हजार रुपये का बिल भेज दिया गया। इस पर मंत्री ने अधीक्षण अभियंता विद्युत को मामले की गहन जांच कर तत्काल राहत देने के निर्देश दिए।
श्री सिंह ने स्पष्ट कहा कि विभागीय लापरवाही के कारण किसी भी उपभोक्ता को परेशानी नहीं होनी चाहिए और गलत विद्युत बिलों में तत्काल सुधार कराया जाए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा नए स्मार्ट मीटर की स्थापना पर अग्रिम आदेश तक रोक लगाई गई है।
उन्होंने अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि लोगों को जागरूक किया जाए और स्मार्ट मीटर के साथ समानांतर सामान्य मीटर लगाकर रीडिंग ली जाए, ताकि भ्रम की स्थिति समाप्त हो सके। भीषण गर्मी को देखते हुए मंत्री ने निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, अनावश्यक रोस्टिंग से बचने, खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने तथा किसानों को निर्धारित समय पर बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
जनसुनवाई में भूमि विवादों से जुड़े मामलों पर भी मंत्री ने सख्ती दिखाई। ग्राम ककरिया के राम सेवक द्वारा पट्टाशुदा भूमि की पैमाइश की मांग पर उन्होंने राजस्व विभाग को निर्देश दिया कि पात्र पट्टेदारों को कब्जा दिलाया जाए और अवैध कब्जों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि दबंगई के बल पर कब्जा करने वालों को भू-माफिया के रूप में चिह्नित कर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त विभिन्न गांवों से आए लोगों ने भूमि कब्जा, अमलदारी, आवास योजना तथा विद्युत लाइन तोड़ने जैसी शिकायतें दर्ज कराईं। मंत्री ने सभी मामलों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए एक सप्ताह के भीतर निस्तारण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार, तहसीलदार हरेंश कर्दम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित