फिरोजाबाद , अप्रैल 24 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में स्मार्ट मीटर के विरोध को लेकर उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। शुक्रवार को नगर के सुहाग नगर क्षेत्र स्थित बिजली घर पर आक्रोशित महिलाओं ने तोड़फोड़ की और बाद में आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना दक्षिण क्षेत्र के अंतर्गत सुहाग नगर आवास विकास कॉलोनी स्थित बिजली घर पर बड़ी संख्या में महिलाएं एकत्रित हुईं और स्मार्ट मीटर व्यवस्था के विरोध में हंगामा करते हुए तोड़फोड़ की। इसके बाद प्रदर्शनकारी महिलाएं आगरा हाईवे पर पहुंच गईं और सड़क जाम कर दी।

महिलाओं का आरोप था कि स्मार्ट मीटर के नाम पर विभागीय कर्मचारी और अधिकारी उपभोक्ताओं का शोषण कर रहे हैं। उनका कहना था कि मध्यम और मजदूर वर्ग के लोगों को इससे भारी परेशानी उठानी पड़ रही है, जबकि विभाग के अधिकारी उनकी शिकायतों पर कोई सुनवाई नहीं कर रहे हैं। जाम की सूचना मिलने पर थाना पुलिस और क्षेत्राधिकारी (सीओ) विमल कुमार तिवारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रही महिलाओं और उपभोक्ताओं को समझा-बुझाकर काफी देर बाद जाम खुलवाया और यातायात सामान्य कराया।

उल्लेखनीय है कि गुरुवार को भी व्यापार मंडल के नेताओं ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था के विरोध में जुलूस निकाला था। वहीं नारखी क्षेत्र में बिजली विभाग के एक कर्मचारी पर हमले का मामला भी सामने आया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के बिल में बैलेंस समाप्त होने पर नियमानुसार विद्युत कनेक्शन स्वतः कट जाता है और इसमें स्थानीय स्तर पर किसी कर्मचारी की कोई भूमिका नहीं होती।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित