प्रयागराज , मई 03 -- उत्तर प्रदेश में बिजली विभाग की ओर से लगाये जा रहे स्मार्ट मीटर के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। आम आदमी पार्टी ने रविवार को पूरे प्रदेश में स्मार्ट मीटर के खिलाफ सड़कों पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और यूपी प्रभारी संजय सिंह के आह्वान पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विद्युत उपकेंद्रों पर प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भी बिजली विभाग के अधिकारियों को सौंपा है।
संगम नगरी प्रयागराज में आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष सर्वेश यादव के नेतृत्व में किए गए विरोध प्रदर्शन में प्रदेश की योगी सरकार पर स्मार्ट मीटर के नाम पर डिजिटल लूट का आरोप लगाया है। मांग की है कि स्मार्ट मीटर के नाम पर हो रही कथित लूट, गलत बिलिंग, बिजली कटौती और प्रीपेड मीटर की अनिवार्यता बंद होनी चाहिए।
आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर को "डिजिटल लूट" बताते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और इस जनविरोधी व्यवस्था को तत्काल बंद करने की भी मांग की है।इस मौके पर जिलाध्यक्ष सर्वेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर योजना पूरी तरह से फेल हो चुकी है और यह अब जनता को राहत देने के बजाय आर्थिक शोषण का माध्यम बन गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित