रायपुर , जुलाई 29 -- छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर और बढ़ते बिजली बिलों के विरोध में कांग्रेस का जनसंपर्क अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने राजधानी रायपुर के ईश्वरी चरण शुक्ल वार्ड के राजीव नगर क्षेत्र में बुधवार को घर-घर पहुंचकर लोगों से संपर्क किया। इस दौरान कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर को 'महतारी वंदन वसूली मीटर' बताते हुए आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को मिलने वाली राशि की वसूली बढ़े हुए बिजली बिलों के माध्यम से कर रही है।

श्री उपाध्याय ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में महंगी बिजली दरों और स्मार्ट मीटर के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता आम लोगों की सहमति से स्मार्ट मीटर हटाने के लिए आवेदन भी भरवा रहे हैं।

उनका दावा है कि जिन परिवारों का बिजली बिल पहले 1000 से 1500 रुपए के बीच आता था, स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिल पांच से सात गुना तक बढ़ गए हैं। उन्होंने कहा कि इससे मध्यम एवं निम्न आय वर्ग के परिवारों का मासिक बजट प्रभावित हुआ है। कई उपभोक्ताओं को बिजली बिल जमा करने के लिए कर्ज लेना पड़ रहा है, जिससे उन पर ब्याज का अतिरिक्त बोझ भी पड़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ बिजली उत्पादन में सरप्लस राज्य होने के बावजूद प्रदेशवासियों को महंगी बिजली मिल रही है। कांग्रेस का कहना है कि पहले बिजली बिल हाफ योजना से उपभोक्ताओं को राहत मिलती थी, लेकिन अब बढ़ी हुई बिजली दरों और स्मार्ट मीटर के कारण आम उपभोक्ता परेशान हैं।

कांग्रेस ने सरकार से स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया तत्काल रोकने, पहले से स्थापित स्मार्ट मीटर हटाने तथा बढ़े हुए बिजली बिलों की समीक्षा कराने की मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि इन मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित