मैड्रिड , अक्टूबर 28 -- स्पेन के टोलेडो प्रांत में बुधवार को दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर से कम से कम 46 लोगों की मौत हो गयी।
क्षेत्रीय सरकार के प्रवक्ता, रेल अवसंरचना प्रबंधक 'एडिफ' और क्षेत्रीय नागरिक सुरक्षा सूत्रों के अनुसार यह हादसा मैड्रिड को दक्षिणी अंदालुसिया क्षेत्र से जोड़ने वाली लाइन पर हुआ।
कास्टिला-ला मांचा क्षेत्रीय सरकार की प्रवक्ता एस्तेर पाडिला ने बताया कि दुर्घटना सुबह 08:54 बजे (0754 जीएमटी) 'रेनफे' और 'इरियो' कंपनी की ट्रेनों के बीच हुई। इस हादसे में इरियो ट्रेन की दो बोगियां पटरी से उतर गयी। एक ट्रेन में 146 यात्री और एक शिशु सवार थे, जबकि दूसरी ट्रेन में 397 यात्री सवार थे।
रेलवे अवसंरचना प्रबंधक 'एडिफ' ने बताया कि टक्कर मोरा, ओरगाज और उर्दा शहरों के बीच सरकारी कंपनी 'रेनफे' और निजी ऑपरेटर 'इरियो' की ट्रेनों के बीच हुई। दोनों ट्रेनें मैड्रिड को दक्षिणी अंदालुसिया क्षेत्र के सेविले शहर से जोड़ने वाले मार्ग पर चल रही थीं। ट्रेनों के बीच टक्कर के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और घायलों की सटीक संख्या की पुष्टि होना बाकी है। उन्होंने बताया कि दो ट्रेनों के बीच पीछे से हुई इस टक्कर के बाद मैड्रिड-अंदालुसिया हाई-स्पीड लाइन पर रेल यातायात को निलंबित कर दिया गया है।
प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने इस 'गंभीर ट्रेन दुर्घटना' पर गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि आपातकालीन सेवाएं प्रभावित लोगों की मदद के लिए मौके पर राहत कार्य में जुटी हैं।
सांचेज ने 'एक्स' पर कहा, "सभी पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं, एकजुटता और समर्थन है।"उर्दा के मेयर मैनुअल गैलान ने रेडियो स्टेशन 'कैडेना सेर' को बताया कि नागरिक सुरक्षा एजेंसी के अनुरोध पर प्रशासन घायल यात्रियों के इलाज और देखभाल के लिए केंद्र तैयार कर रहा है।
रियल मैड्रिड, बार्सिलोना और एटलेटिको मैड्रिड सहित प्रमुख फुटबॉल क्लबों ने भी पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
इससे पहले गत जनवरी में कॉर्डोबा प्रांत के अदमूज के पास इसी लाइन पर इन्हीं कंपनियों की हाई-स्पीड ट्रेनों के बीच हुई टक्कर से 46 लोगों की मौत हो गयी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित