मैड्रिड , अगस्त 22 -- स्पेन ने सेउटा और मेलिला की संप्रभुता को लेकर मोरक्को के दावे और दोनों शहरों के भविष्य पर बातचीत के लिए द्विपक्षीय तंत्र गठित करने के प्रस्ताव को खारिज कर दिया है।
मोरक्को के न्याय मंत्री अब्देलतीफ वहबी ने शुक्रवार को दोनों स्वायत्त शहरों पर अपने देश के 'ऐतिहासिक और भौगोलिक' अधिकार का दावा दोहराते हुए स्पेन के साथ उनके भविष्य को लेकर बातचीत के लिए एक तंत्र स्थापित करने का प्रस्ताव दिया था।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, स्पेन के विदेश मंत्रालय ने इसके जवाब में कहा कि स्पेन ने मोरक्को को इन दावों के प्रति 'स्पष्ट और सख्त अस्वीकृति' से अवगत करा दिया है। स्पेन ने दोहराया कि सेउटा और मेलिला उसकी संप्रभुता एवं क्षेत्रीय अखंडता का हिस्सा हैं और इसलिए यूरोपीय संघ के क्षेत्र में शामिल हैं।
श्री वहबी ने सार्वजनिक टेलीविजन चैनल '2एम' को दिए साक्षात्कार में मोरक्को का रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि रबत दोनों शहरों पर अपने दावे से पीछे हटने का कोई इरादा नहीं रखता। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा स्पेन के साथ द्विपक्षीय संबंधों का हिस्सा बना रहना चाहिये।
मोरक्को के न्याय मंत्री ने दोनों शहरों के भविष्य पर चर्चा करने और 'स्थायी समाधान' तलाशने के लिए एक द्विपक्षीय तंत्र बनाने का प्रस्ताव दिया। उनके प्रस्ताव के अनुसार, ऐसी किसी भी प्रक्रिया का अंतिम परिणाम सेउटा और मेलिला का मोरक्को में विलय होना चाहिए।
श्री वहबी का यह बयान सेउटा में जारी प्रवासन संकट के बीच आया है। जुलाई के अंत में मोरक्को से हजारों लोग शहर में प्रवेश कर गये थे, जिससे वहां प्रवासियों को संभालने की क्षमता पर भारी दबाव पड़ा और इस दौरान कई लोगों की मौत हुई।
प्रवासन संकट शुरू होने के बाद वहबी द्वारा सेउटा और मेलिला पर स्पेन की संप्रभुता को चुनौती देने का यह पहला बयान नहीं है। उन्होंने 12 अगस्त को भी कहा था कि मोरक्को दोनों शहरों पर अपना दावा बरकरार रखता है और स्पेन के साथ उनकी बातचीत में यह मुद्दा मेज पर बना हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित