मुल्लांपुर , जून 08 -- लेप्ट आर्म स्पिनर मानव सुथार ( कुल सात विकेट), ऑफ स्पिनर वॉशिंगटन सुंदर (पांच विकेट) और चायना मैन गेंदबाज कुलदीप यादव (तीन विकेट) की दमदार गेंदबाजी की बदौलत भारत ने एकमात्र टेस्ट मैच के तीसरे दिन सोमवार को फॉलोऑन खेल रही अफगानिस्तान को दूसरी पारी में 112 पर ढेर कर यह मुकाबला पारी और 300 रनों से जीत लिया। यह भारत के अपने टेस्ट क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी जीत है। मानव सुथार को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार मिला।
मानव सुथार ने अपने पर्दापण टेस्ट की पहली पारी में छह और दूसरी पारी में एक विकेट लिया। वही वॉशिंगटन सुंदर ने कुल पांच विकेट और कुलदीप यादव ने तीन विकेट झटक कर भारत की सबसे बड़ी टेस्ट जीत दिलाने में अहम योगदान दिया। चायकाल के बाद भारतीय गेंदबाजों ने मात्र 14 रन देकर अफगानिस्तान के शेष चार बल्लेबाजों करे पवेलियन भेज दिया। शराफउद्दीन अशरफ चोट के कारण बल्लेबाजी करने नहीं उतरे। आज के दिन कुल 14 विकेट गिरे, जिसमें पांच विकेट अफगानिस्तान की पहली पारी में गिरे थे और फॉलोऑन खेलने उतरी अफगानिस्तान दूसरी पारी में मात्र 112 रन ही बना पाई। दूसरी पारी में वॉशिंगटन ने चार और कुलदीप ने तीन विकेट लिए जबकि सुथार और सिराज को एक-एक विकेट हासिल हुआ। दूसरी पारी में अफगानिस्तान की ओर से सेदिकुल्लाह अटल ने सर्वाधिक 42 रन बनाए। भारत ने यह मुकाबला पारी और 300 रनों से जीत लिया। यह मैच मानव सुथार के ड्रीम डेब्यू के लिए याद किया जाएगा जिन्होंने पहली पारी में छह विकेट हासिल किए और भारत को पहली पारी में 412 रनों की बढ़त दिलाने में उन्होंने एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
चायकाल के बाद 32वें ओवर में मानव सुथार ने अफसर जजाई (आठ) को आउट कर भारत को छठी सफलता दिलाई। इसके बाद अजमतउल्लाह ओमरजई (चार) को वॉशिंगटन सुंदर ने आउट किया। वहीं 36वें ओवर की चौथी और पांचवीं गेंद पर कुलदीप यादव ने नांगेलिया खरोटे (छह) और मोहम्मद सलीम (शून्य) को आउट कर 112 रनों के स्कोर पर अफगानिस्तान की पारी का अंत कर दिया। भारत की ओर से वॉशिंगटन सुंदर ने 11 ओवरों में 36 रन देकर चार विकेट झटके। कुलदीप यादव ने 7.5 ओवरों में 30 रन देकर तीन विकेट लिये। मानव सुथार और मोहम्मद सिराज ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित