नयी दिल्ली , जुलाई 03 -- स्नैक्स का चयन करते समय छह में से पांच भारतीय प्रोटीन को प्राथमिकता देते हैं, विशेषकर अपने बच्चों के लिए पौष्टिक स्नैक्स के बदले लोग ज्यादा पैसा देने के लिए भी तैयार है।
स्नैक्स का कारोबार करने वाली एफएमसीजी कंपनी फार्मले ने शुक्रवार को यहां आयोजित इंडिया हेल्दी स्नैकिंग समिट के दौरान अपनी जारी रिपोर्ट में बताया कि आज के दौर में स्नैक्स पसंद करने वाले भारतीय ज्यादा सजग हो गये हैं। वे हर बाइट के साथ व्यावहारिक और सुविधाजनक पोषण की उम्मीद रखते हैं।
विभिन्न पीढ़ियों, पेशों और शहरों के छह हजार से अधिक लोगों के बीच कराये गये सर्वेक्षण पर आधारित इस रिपोर्ट में बताया गया है कि प्रोटीन फिटनेस कैटेगरी से आगे बढ़कर रोजमर्रा के पोषण का जरूरी हिस्सा बन गया है। तकरीबन 86 फीसदी उत्तरदाताओं ने बताया कि वे स्नैक्स का चयन करते समय प्रोटीन को खासतौर पर महत्व देते हैं। वहीं, 32 फीसदी लोग प्रोटीन से भरपूर पौष्टिक प्रोडक्ट्स के लिए ज़्यादा पैसा चुकाने के लिए तैयार हैं।
रिपोर्ट के अनुसार 62 फीसदी उत्तरदाता स्नैक्स का ब्रांड चुनते समय सामग्री की जानकारी पढ़ते हैं। वे चाहते हैं कि ब्रांड सामग्री, सोर्सिंग और पोषण के बारे में स्पष्ट जानकारी दें।
सर्वेक्षण में हिस्सा लेने वाली आधी से अधिक महिलाओं ने ऐसे स्नैक्स में दिलचस्पी दिखाई, जो मासिक धर्म के विभिन्न चरणों के अनुसार उनकी पोषण संबंधी ज़रूरतों को पूरा करें।
इसी तरह, माता-पिता भी अब अपने बच्चों के लिए पौष्टिक स्नैक्स को प्राथमिकता दे रहे हैं। तक़रीबन 60 फीसदी अभिभावकों ने बताया कि वे अपने बच्चों के लिए पौष्टिक स्नैक्स खरीदने के लिए ज़्यादा पैसे देने को तैयार हैं। हर 10 में से छह से अधिक लोगों ने कहा कि वे रिफाइंड चीनी की बजाय खजूर और गुड़ से बने स्नैक्स चुनना चाहते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित