जालौन , अक्टूबर 23 -- उत्तर प्रदेश विधान परिषद के इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के तहत शुक्रवार को जालौन में मतदान प्रक्रिया जारी रही।

मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी समीर तथा पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अधिकारियों ने जिला पंचायत परिसर एवं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) सहित विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक प्रबंधों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने मतदान कार्य में लगे कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने पर जोर दिया। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित