प्रयागराज , अक्टूबर 02 -- उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव में गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा ने इस सीट से अशोक कुमार राठौर को प्रत्याशी बनाया है। राठौर ने कहा कि चुनाव की तैयारी पिछले 20 दिन से नहीं, बल्कि पिछले छह वर्षों से लगातार चल रही है। उन्होंने स्नातकों की समस्याओं, बेरोजगारी और संगठनात्मक मजबूती को चुनाव के प्रमुख मुद्दों में शामिल किया।

इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, महोबा, जालौन, झांसी और ललितपुर जिले शामिल हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना होगी।

श्री राठौर ने कहा कि वर्ष 2020 के चुनाव में भाजपा को सफलता नहीं मिली थी। इसके बाद अगले चुनाव की तैयारियों के लिए संगठनात्मक स्तर पर लगातार काम शुरू कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि छह वर्षों की मेहनत का परिणाम मतदान के दिन सामने आएगा। उन्होंने भाजपा के केंद्रीय, प्रदेश, क्षेत्रीय और जिला नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी प्रत्येक चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ती है।

भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि क्षेत्र के स्नातकों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और परीक्षा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने बेरोजगारी कम करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से प्रयास करने की बात कही। राठौर ने अपने शिक्षक जीवन का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने वर्ष 2010 में पहला चुनाव लड़ा था और तब से लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि वह जो कहते हैं, उसे पूरा करने का प्रयास करते हैं, हालांकि सफलता कितनी मिलेगी, यह भविष्य बताएगा।

सपा प्रत्याशी से मुकाबले के सवाल पर राठौर ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे और पार्टी संगठन की मजबूती के साथ मैदान में है। भाजपा ने 29 सितंबर को इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक सीट के लिए उन्हें अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया था।

आगामी विधानसभा चुनाव के संदर्भ में राठौर ने कहा कि यदि विधान परिषद चुनाव का कोई प्रभाव विधानसभा चुनाव पर पड़ता है तो वह भाजपा के पक्ष में सकारात्मक होगा। उन्होंने सभी सीटों पर जीत का दावा किया। विपक्ष की ओर से विधान परिषद चुनाव को 'सेमीफाइनल' बताए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस तरह चुनाव को सेमीफाइनल कहना उचित नहीं है। उनके मुताबिक विधानसभा चुनाव में भी भाजपा जीत हासिल करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित