भोपाल , अक्टूबर 25 -- मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर एक नवंबर को प्रदेश के 102 चयनित छात्र-छात्राओं को भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विद्यार्थियों को एक-एक लाख रुपये की छात्रवृत्ति और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित करेंगे। संस्कृति विभाग के अंतर्गत श्रीकृष्ण पाथेय न्यास द्वारा संचालित इस योजना में विद्यालय और महाविद्यालय वर्ग से विद्यार्थियों का चयन किया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी प्रतिभा, परिश्रम और ज्ञान के प्रति समर्पण विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों से प्रेरणा लेकर जीवन में नई ऊंचाइयां प्राप्त करने और मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार एवं श्रीकृष्ण पाथेय न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीराम तिवारी ने बताया कि योजना का उद्देश्य भावी पीढ़ी को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन-दर्शन, व्यक्तित्व, भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति, शिक्षा और जीवन-मूल्यों से जोड़ना है। इसके तहत ऑनलाइन प्रतियोगिता 11 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक आयोजित की गई। इसमें कुल 63,736 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया, जिनमें से 58,099 प्रतिभागियों ने प्रश्नपत्र हल किया। प्रतियोगिता की वेबसाइट पर 7 लाख 94 हजार 700 से अधिक अद्वितीय विजिट दर्ज किए गए।
श्री तिवारी के अनुसार, 23 अक्टूबर को दोनों वर्गों में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने और न्यूनतम समय में प्रश्नपत्र हल करने वाले प्रतिभागियों में से नियमानुसार 5,514 विद्यार्थियों की मेरिट सूची तैयार की गई। इसके बाद लॉटरी के माध्यम से 102 विजेताओं का चयन किया गया। चयनित विद्यार्थियों के नाम न्यास की वेबसाइट https:hrikrishnapatheynyas.com/ पर प्रकाशित कर दिए गए हैं।
जिलावार चयन में खंडवा जिले के छह विद्यार्थी विजेता बने हैं। अशोकनगर, बड़वानी, नर्मदापुरम, सिवनी, सिंगरौली और उमरिया से चार-चार विद्यार्थियों का चयन हुआ है। वहीं, बुरहानपुर, छतरपुर, गुना, झाबुआ, कटनी, मऊगंज, सागर, सतना, श्योपुर और उज्जैन से तीन-तीन विद्यार्थी चयनित हुए हैं। भोपाल, बैतूल, ग्वालियर, निवाड़ी सहित अन्य जिलों के विद्यार्थी भी विजेताओं में शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित