दरभंगा , सितंबर 29 -- रभंगा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में उद्योग विभाग, बिहार सरकार की पहल के तहत मंगलवार को स्टार्टअप सेल की ओर से स्टार्टअप बिहार आइडिया बूटकैंप का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं स्टार्टअप तथा उद्यमिता में रुचि रखने वाले युवाओं ने अपने नवाचारी विचार प्रस्तुत किए।मुख्य अतिथि जिला उद्योग केंद्र, दरभंगा की महाप्रबंधक सुरूचि कुमारी ने युवाओं से स्थानीय समस्याओं की पहचान कर उनके व्यावहारिक समाधान विकसित करने तथा उन्हें उद्यम एवं रोजगार के अवसरों में बदलने का आह्वान किया। उन्होंने प्रतिभागियों को अपने विचारों को व्यावहारिक रूप देने के लिए प्रोत्साहित किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. चंदन कुमार ने नवाचार एवं उद्यमिता की संस्कृति को बढ़ावा देने में स्टार्टअप सेल की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने विचारों पर प्रयोग कर उन्हें व्यावहारिक समाधान के रूप में विकसित करने का आग्रह किया।
बूटकैंप में प्रतिभागियों ने समस्या, प्रस्तावित समाधान, लक्षित उपयोगकर्ताओं, संभावित बाजार और कार्ययोजना से संबंधित अपने स्टार्टअप विचार प्रस्तुत किए। इस दौरान मार्गदर्शक आलोक कुमार, आईआईटीयन पास्ता वाला, अभिमन्यु कुमार आजाद, संस्थापक अभिकेयर, सुमन कुमार, संस्थापक पाउष्टिक फूड्स तथा रित्विक अभिलाष, आईआईएम बोधगया ने प्रतिभागियों के विचारों पर मार्गदर्शन दिया।
मार्गदर्शकों ने समस्या की वास्तविकता, ग्राहक की आवश्यकता, समाधान की उपयोगिता, बाजार की संभावनाओं, व्यवसाय मॉडल और विस्तार की संभावनाओं पर प्रतिभागियों से संवाद किया तथा उनके विचारों को विभिन्न दृष्टिकोणों से परखने में सहायता की।
इस अवसर पर असाइनमेंट प्रोफेसर एवं स्टार्टअप सेल के संकाय प्रभारी अंकित कुमार ने प्रतिभागियों को स्टार्टअप गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी और अपने विचारों को निरंतर बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया। जिला स्टार्टअप समन्वयक सूर्य प्रकाश ने स्टार्टअप बिहार के तहत उपलब्ध अवसरों, मार्गदर्शन और आगे की प्रक्रिया की जानकारी दी।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, स्टार्टअप सेल के सदस्य एवं प्रतिभागी उपस्थित थे। अंत में श्री सूर्य प्रकाश ने अतिथियों, मार्गदर्शकों, प्राध्यापकों, प्रतिभागियों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित