मुंबई , मार्च 27 -- मुंबई के ब्रीच कैंडी स्थित कोस्टल रोड पर बनाई गई भारत की पहली 'म्यूजिकल रोड' पर ऑस्कर विजेता फिल्म 'स्लमडॉग मिलियनेयर' के 'जय हो' धुन का बजना अब रात के समय बंद कर दिया गया है।
अधिकारियों ने शुक्रवार को यहाँ बताया कि ब्रीच कैंडी के निवासियों द्वारा ध्वनि प्रदूषण की शिकायतों के बाद यह निर्णय लिया गया है। 500 मीटर लंबी इस सड़क पर खास किस्म की उभरी हुई लाइनें (रंबल स्ट्रिप्स) हैं, जब कोई गाड़ी 60-80 किमी/घंटा की गति से चलती है तो संगीत बजाने लगता है, लेकिन अब यह स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है।
इसके चलते नागरिक निकाय बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) को रात 11 बजे से सुबह सात बजे के बीच इसका संचालन प्रतिबंधित करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
नगर आयुक्त भूषण गगरानी द्वारा यह निर्देश निवासियों की उन बार-बार की शिकायतों के बाद जारी किया गया है, जिसमें कहा गया था कि इस क्षेत्र में म्यूजिकल रोड के उद्घाटन के बाद से उनका जीवन नर्क बन गया है। उन्होंने शिकायत की कि 'म्यूजिकल रोड' ने उनके जीवन को एक 'डरावने सपने' में बदल दिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हर बार जब कोई वाहन सड़क से गुजरता है, तो घर्षण के कारण बजने वाला संगीत उनके दैनिक जीवन में बहुत व्यवधान पैदा करता है। यह विशेष रूप से रात के समय के लिए सच है, जब लोग अपने घरों में सो रहे होते हैं और उस हिस्से से गुजरने वाले वाहन संगीत की ध्वनि उत्पन्न करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित