सुकमा , अगस्त 08 -- छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में प्रारंभिक बाल शिक्षा को अधिक प्रभावी और बच्चों के अनुकूल बनाने के लिए प्रशासन ने पहल शुरू की है। कलेक्टर अमित कुमार और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुंद ठाकुर के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग तथा मोबाइल क्रैचेज के संयुक्त तत्वावधान में छह दिवसीय आवासीय मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
तीन से आठ अगस्त तक आयोजित इस प्रशिक्षण में सुकमा, तोंगपाल, दोरनापाल, कोंटा और छिंदगढ़ परियोजनाओं से जुड़ी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रारंभिक बाल देखभाल, शिक्षा एवं विकास (ईसीसीडी) पाठ्यक्रम की इकाई तीन और चार का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम की प्रमुख विशेषता स्थानीय भाषा, संस्कृति और परिवेश को प्रारंभिक शिक्षा से जोड़ना है। बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को सरल और रोचक बनाने के लिए कहानी, गीत एवं कविताओं का गोंडी और हल्बी भाषा में अनुवाद किया गया है। इसके माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को खेल-खेल में बच्चों को शिक्षित करने की गतिविधि आधारित पद्धति से अवगत कराया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित