विशाखापट्टनम , सितंबर 27 -- स्थानीय निकाय चुनावों को समीप देखते हुए तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के आंध्र प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक पल्ला श्रीनिवास राव के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों के बीच समन्वय को और मजबूत करने तथा जमीनी स्तर पर एक सामूहिक कार्य योजना के साथ आगे बढ़ने के लिए कदम उठाये गये हैं।

इन प्रयासों के तहत रविवार को यहां टीडीपी के क्षेत्रीय कार्यालय में राजग गठबंधन की एक समन्वय बैठक आयोजित की गयी। इस बैठक में स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारियों, सहयोगी दलों के बीच आपसी तालमेल और चुनाव क्षेत्रवार लागू की जाने वाली कार्य योजना पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में गठबंधन कार्यकर्ताओं को चुनाव जब भी हों, उनके लिए पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया गया। साथ ही टीडीपी, जनसेना और भाजपा के नेताओं से गांव के स्तर से लेकर चुनाव क्षेत्र के स्तर तक निकट समन्वय बनाकर काम करने का आह्वान किया गया।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि समन्वय समितियां स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार सक्रियता से काम करें, जमीनी स्तर के विकास, स्थानीय मुद्दों व जनसमस्याओं की अच्छी समझ रखने वाले सबसे उपयुक्त उम्मीदवारों की पहचान करें तथा जमीनी मुद्दों व राजनीतिक घटनाक्रमों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करें।

श्री राव ने इस बात पर जोर दिया कि स्थानीय निकाय चुनावों में गठबंधन कार्यकर्ताओं के बीच एकता, तालमेल और सामूहिक कार्रवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, पार्टी नेतृत्व और जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं के बीच निरंतर समन्वय बनाये रखने के लिए एक संरचित कार्य योजना का आह्वान किया।

बैठक में विशाखापत्तनम जिला संसदीय पार्टी चुनाव प्रभारी एमए शरीफ, विशाखापत्तनम जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. डोला बाला वीरंजनेय स्वामी, एनडीए गठबंधन के विधायक, जनप्रतिनिधि, चुनाव क्षेत्र प्रभारी, टीडीपी-जनसेना-भाजपा गठबंधन के नेता और समन्वय समितियों के सदस्य उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित