हैदराबाद , अप्रैल 14 -- हैदराबाद के 19 वर्षीय विशेष शर्मा ने सात अंडर 65 का शानदार स्कोरबनाकर हैदराबाद के बोल्डर हिल्स गोल्फ एंड कंट्री क्लब में खेले जा रहे 1 करोड़ रुपये इनामी राशि वाले पहले बोल्डर्स क्लासिक के उद्घाटन राउंड में एक शॉट की बढ़त हासिल की।

विशेष का 65 का स्कोर नया कोर्स रिकॉर्ड रहा, जिसमें पार-5 14वें होल पर एक ईगल, छह बर्डी औरएकमात्र बोगी शामिल रही। दो बार के डीपी वर्ल्ड टूर विजेता शुभंकर शर्मा ने छह अंडर 66 का स्कोर बनाकर दिल्ली के विनय कुमार यादव के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर जगह बनाई। यह राउंड दिसंबर 2021 में जमशेदपुर में टूर चैम्पियनशिप के बाद शुभंकर की इस टूर पर वापसी थी।

पिछले वर्ष पेशेवर बने विशेष शर्मा, जिन्होंने 2025 में डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट में 44वां स्थान हासिल किया था, ने अपने घरेलू कोर्स की समझ का पूरा फायदा उठाते हुए शानदार प्रदर्शन किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित