दुबई , जुलाई 09 -- अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) से कहा है कि न्यूजीलैंड के खिलिाफ तीसरे टेस्ट मैच के के दौरान बेन स्टोक्स के संन्यास की घोषणा करना उसके 'प्लेयर एंड मैच ऑफिशियल्स एरिया' (पीएमओए) नियमों का उल्लंघन था।

आईसीसी ने ईसीबी को लिखे पत्र में यह बात कही है। स्टोक्स के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का फ़ैसला ट्रेंट ब्रिज टेस्ट के चौथे दिन सार्वजनिक किया गया, जबकि मैच अभी चल ही रहा था। उस सुबह खेल शुरू होने से पहले, इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ने ड्रेसिंग रूम में अपने साथियों को अपने फैसले के बारे में बताया और ईसीबी की मीडिया टीम ने इस बातचीत का विडियो बनाया। ऑडियो के साथ यह फ़ुटेज, चाय के ब्रेक से ठीक पहले ब्रॉडकास्टर्स और सोशल मीडिया पर जारी किया गया, जबकि खेल जारी था।

इसके बाद आईसीसी ने ईसीबी को सूचित किया कि टेस्ट खत्म होने से पहले फुटेज जारी करना उसके पीएमओए के न्यूनतम मानकों का उल्लंघन है। ये नियम किसी चल रहे इंटरनेशनल मैच के दौरान टीम ड्रेसिंग रूम से ऑडियो और वीडियो की रिकॉर्डिंग और ब्रॉडकास्ट पर रोक लगाते हैं। आईसीसी के भ्रष्टाचार-रोधी ढांचे के तहत बनाए गए इन नियमों में साफ़ तौर पर कहा गया है कि ब्रॉडकास्ट के मकसद से ड्रेसिंग रूम के अंदर किसी भी फिक्स्ड या अस्थायी रिकॉर्डिंग उपकरण का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित