मुरादाबाद , अक्टूबर 02 -- सुरक्षित रेल परिचालन में स्टेशन मास्टर की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और हर परिस्थिति में यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। यह बात वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी राजीव गुप्ता ने हरिद्वार में आयोजित सुरक्षा सम्मेलन में कही।

ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर्स एसोसिएशन (एआईएसएमए) की ओर से एक अक्टूबर को हरिद्वार स्थित श्री प्रेम नगर आश्रम में आयोजित सम्मेलन में मुरादाबाद मंडल के करीब 65 स्टेशन मास्टरों सहित उत्तर रेलवे के सभी छह मंडलों के स्टेशन मास्टरों ने भाग लिया।

सम्मेलन का उद्देश्य स्टेशन मास्टरों को सुरक्षित एवं सुचारु रेल परिचालन, निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के पालन तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित कार्यप्रणाली के प्रति जागरूक करना था।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि सम्मेलन में वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी राजीव गुप्ता के अलावा संरक्षा अधिकारी और काउंसलर भी मौजूद रहे। इस दौरान प्रोजेक्टर और प्रस्तुतियों के माध्यम से स्टेशन मास्टरों के दायित्वों तथा असामान्य परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई।

मुख्य वक्ता श्री गुप्ता ने कहा कि रेल परिचालन की संरक्षा के लिए निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का पालन, सतर्कता तथा कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। उन्होंने आपातकालीन और विषम परिस्थितियों में धैर्यपूर्वक निर्णय लेने तथा यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

सम्मेलन में संरक्षा नियमों को लेकर संवाद और विचार-विमर्श भी किया गया। इस दौरान रेल मंडल की ओर से सुरक्षित परिचालन के लिए कर्मचारियों को लगातार जागरूक और प्रशिक्षित करने की प्रक्रिया जारी रखने की बात कही गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित