सागर , जनवरी 20 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले में सागर-जबलपुर स्टेट हाईवे पर सानौधा क्षेत्र अंतर्गत स्थित टोल प्लाजा के पास फायरिंग की घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी आशीष दुबे की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई थी। प्रकरण में आरोपी राजेन्द्र दुबे एवं एक अन्य अज्ञात व्यक्ति को नामजद किया गया था। दोनों आरोपियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद उन्हें पुलिस रिमांड पर लिया गया।
पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से घटना को लेकर गहन पूछताछ की गई। उनके बताए अनुसार घटना में प्रयुक्त पिस्टल की तलाश के लिए छानबीला डेम एवं आरोपियों के निवास स्थान पर सघन सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान आरोपियों द्वारा विवेचना में सहयोग न करते हुए पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया गया। इसके चलते वैधानिक प्रक्रिया के तहत पुनः पुलिस रिमांड बढ़वाकर कठोर कानूनी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर कार क्रमांक MP07 CH 4112 को भी जब्त कर लिया है। संपूर्ण विवेचना पूर्ण होने के उपरांत न्यायालय से जेल वारंट प्राप्त कर न्यायालय के आदेशानुसार दोनों आरोपियों को केन्द्रीय जेल सागर में दाखिल कराया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित