दोहा , जून 30 -- अमेरिका के प्रतिनिधि स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर क्षेत्रीय मुद्दों पर बातचीत के लिए कतर की राजधानी दोहा आ गये हैं। ईरान ने हालांकि इस सप्ताह अपना प्रतिनिधिमंडल दोहा भेजने की बात मानी है, लेकिन अमेरिकी अधिकारियों के साथ किसी भी स्तर पर बैठक करने से साफ इनकार किया है।

कतर के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि पश्चिम एशिया के लिए अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और वरिष्ठ सलाहकार जेरेड कुशनर दोहा पहुंच चुके हैं। अमेरिका की यह टीम ईरान युद्ध को समाप्त करने के लिए नये दौर की बातचीत के सिलसिले में इस क्षेत्र में आयी है।

कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजेद अल अंसारी ने स्पष्ट किया कि अमेरिकी दूत यहां कतरी अधिकारियों और मध्यस्थों से क्षेत्रीय मुद्दों और लेबनान के हालात पर बात करने आए हैं, न कि ईरान के साथ सीधे तौर पर किसी बातचीत के लिए। ईरान ने भी स्पष्ट किया है कि उसके तकनीकी वार्ताकार केवल कतर के अधिकारियों के साथ समझौते के बिंदुओं पर चर्चा करेंगे। ईरान का मुख्य जोर अपनी जब्त हुई विदेशी संपत्तियों को वापस पाने और अपने तेल निर्यात पर से प्रतिबंध हटवाने पर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित