चेन्नई , मार्च 10 -- अमेरिका-ईरान युद्ध के मद्देनजर एलपीजी सिलेंडरों की संभावित कमी के कारण तमिलनाडु में होटलों और रेस्तरां उद्योग पर इसका असर पड़ने की चिंताओं के बीच मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने मंगलवार को इसके प्रभाव का आकलन करने और उपयुक्त योजना बनाने के लिए एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

विभिन्न व्यापारी संगठनों और होटल मालिक संघों के नेताओं के श्री स्टालिन से मुलाकात करने के बाद राज्य सचिवालय में यह आपातकालीन बैठक आयोजित की गई। इसमें उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन, मंत्रीगण, मुख्य सचिव एन. मुरुगनंदन और विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए।

रिपोर्टों में कहा गया है कि युद्ध के कारण कच्चे तेल का उत्पादन प्रभावित होने से एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति में कमी आ सकती है। इस पर होटल मालिकों ने कहा कि वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों की कम आपूर्ति से होटल और रेस्तरां बंद हो जाएंगे, जिससे जनता को कठिनाई होगी और अर्थव्यवस्था पर भी बुरा असर पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने बाद में, 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया है कि संघर्ष से उत्पन्न एलपीजी सिलेंडर की कमी से राज्य की जनता, वाणिज्यिक प्रतिष्ठान या सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) उद्योग प्रभावित न हों।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित