चेन्नई , मई 08 -- द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एम.के. स्टालिन ने शुक्रवार शाम तमिलनाडु के राज्यपाल आर.वी. अर्लेकर से मुलाकात कर राज्य में नयी सरकार के गठन की प्रक्रिया जल्द शुरू करने का आग्रह किया।

श्री स्टालिन ने कहा कि संविधान के अनुसार सरकार गठन में अब और देरी नहीं होनी चाहिए ताकि नवनिर्वाचित विधायक शपथ ले सकें और राज्य के विकास कार्य आगे बढ़ सकें।

हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव के नतीजों में अभिनेता विजय की पार्टी 'तमिलगा वेत्री कषगम' (टीवीके) 108 सीटें जीतकर सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है, हालांकि वह बहुमत के आंकड़े (118) से 11 सीटें दूर रह गई थी।

श्री स्टालिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि चुनाव आयोग ने निर्वाचित सदस्यों की सूची जारी कर दी है और मौजूदा विधानसभा भंग हो चुकी है, ऐसे में लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखने के लिए नई सरकार का गठन अनिवार्य है।

चुनावी मुकाबले में श्री विजय की पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दशकों पुराने द्रविड़ वर्चस्व को चुनौती दी है और द्रमुक व अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) को क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर धकेल दिया है। श्री विजय ने दो सीटों से चुनाव जीता है, इसलिए तकनीकी रूप से उनके पास 107 विधायक हैं। बहुमत हासिल करने के लिए उन्होंने कांग्रेस (5 विधायक), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (2 विधायक) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (2 विधायक) से संपर्क किया था, जिन्होंने उन्हें अपना समर्थन दे दिया है।

राजनीतिक समीकरणों के अनुसार, कांग्रेस ने द्रमुक के साथ अपना पुराना गठबंधन तोड़कर टीवीके के साथ सरकार में शामिल होने का निर्णय लिया है, जबकि दोनों वामपंथी दलों ने बाहर से समर्थन देने का फैसला किया है। इसके अलावा विदुथलाई चिरुथैगल कच्ची (2 विधायक) के भी जल्द ही समर्थन का ऐलान करने की उम्मीद है, जिससे श्री विजय के पास बहुमत के लिए आवश्यक जादुई आंकड़ा जुट जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित