चेन्नई , अप्रैल 18 -- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुनेत्र कझगम(द्रमुक) अध्यक्ष एमके स्टालिन ने संसद में परिसीमन विधेयक को पारित नहीं होने देने के लिए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन के सभी नेताओं को धन्यवाद दिया है।
श्री स्टालिन ने शनिवार को केन्द्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि उसने अपने फायदे के लिए लोगों को उत्तर-दक्षिण में बांटने, उन्हें कमजोर करने तथा भारत के राजनीतिक मानचित्र को नये सिरे से तैयार करने की कोशिश की, लेकिन 'इंडिया' गठबंधन एकजुट रहा और उनके मंसूबों को नाकाम कर दिया।
द्रमुक राष्ट्रीय स्तर पर 'इंडिया' गठबंधन का प्रमुख साझेदार है और तमिलनाडु में बहुदलीय धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन (एसपीए) का नेतृत्व कर रहा है। इसमें कांग्रेस वरिष्ठ सहयोगी है।
श्री स्टालिन ने सोशल मीडिया पोस्ट में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक को एकजुट होकर गिराने के लिए 'इंडिया' गठबंधन के नेताओं की सराहना की। यह विधेयक विधायिकाओं में 33 प्रतिशत कोटा प्रदान करने वाले महिला आरक्षण विधेयक के कार्यान्वयन में तेजी लाने के लिए 2011 की जनगणना के आधार पर लोकसभा सीटों के परिसीमन के उद्देश्य से लाया गया था।
श्री स्टालिन ने कहा कि आने वाले दिनों में भाजपा को जो झटके लगेंगे वे और भी निर्णायक होने चाहिए। उन्होंने इस संबंध में एक विपक्षी दल के रूप में एकजुट रहने के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह तो अभी शुरुआत है।
मुख्यमंत्री ने अपने 'एक्स' हैंडल पर लिखा, "इंडिया के नेताओं को बहुत-बहुत धन्यवाद।"उन्होंने कहा, "मैं अपने भाई, माननीय एलओपी थिरु राहुल गांधी को परिसीमन विधेयक के खिलाफ हमारी चिंताओं को आवाज देने के लिए धन्यवाद देता हूं, जिसे भाजपा ने बिना किसी परामर्श या आम सहमति के जल्दबाजी में पारित करने की कोशिश की थी।"श्री स्टालिन ने कहा, "मैं आदरणीय मैडम श्रीमती सोनिया गांधी, थिरु खरगे, माननीय पिनाराई विजयन, थिरु डी. राजा, माननीय रेवंत रेड्डी, माननीय सिद्यारमैया, माननीय ममता, थिरु अखिलेश यादव, थिरु पवार, थिरु लालू प्रसाद, माननीय हेमंत सोरेन, माननीय उमर अब्दुल्ला, थिरु अरविंद केजरीवाल, थिरु उद्धव ठाकरे, थिरु नवीन पटनायक, थिरु एसएस बादल और सभी विपक्षी नेताओं को धन्यवाद देता हूं।"श्री स्टालिन ने कहा, "उन्होंने हमें उत्तर-दक्षिण के रूप में विभाजित करने, हमें कमजोर करने और हराने तथा अपने फायदे के लिए भारत के राजनीतिक मानचित्र को नये सिरे से तैयार करने की कोशिश की। लेकिन 'इंडिया' एक साथ खड़ा रहा और उनके मंसूबों को हरा दिया। यह तो सिर्फ शुरुआत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित