मुंबई , जून 25 -- स्टार प्लस ने अपने आगामी शो 'ये फितूर तेरा' का पहला प्रोमो रिलीज कर दिया है। देबचंद्रिमा सिंघा रॉय और ईशान धवन अभिनीत यह शो एक भावनात्मक प्रेम कहानी पर आधारित है, जिसमें दो अलग-अलग दुनिया से आए युवाओं के जीवन और रिश्तों को दिखाया जाएगा।

'ये फितूर तेरा' की कहानी सौम्या और जीत के इर्द-गिर्द घूमती है। सौम्या एक शांत, संकोची और समझदार युवती है, जिसके जीवन के कुछ अनुभव उसे लोगों, विशेष रूप से पुरुषों पर आसानी से भरोसा करने से रोकते हैं। पहली बार को-एड कॉलेज में प्रवेश लेने के बाद उसे नई परिस्थितियों, झिझक और असुरक्षाओं का सामना करना पड़ता है।दूसरी ओर जीत एक आत्मविश्वासी, बेबाक और प्रभावशाली व्यक्तित्व वाला युवक है, जिसकी मौजूदगी हर जगह महसूस की जाती है। लोग उसे निडर और मजबूत मानते हैं, लेकिन उसके व्यक्तित्व के कई ऐसे पहलू हैं, जिनसे दुनिया अनजान है। परिस्थितियां दोनों को एक-दूसरे के करीब लाती हैं और धीरे-धीरे उनके बीच भरोसे, समझ और भावनाओं पर आधारित एक मजबूत रिश्ता विकसित होता है।

अपने किरदार के बारे में देबचंद्रिमा सिंघा रॉय ने कहा, "मैं सौम्या के सफर से पूरी तरह खुद को जोड़ पाती हूं, क्योंकि मैं भी एक छोटे शहर से आती हूं। जब मैंने इस इंडस्ट्री में कदम रखा था, तब मेरे लिए सब कुछ नया था। मुझे नहीं पता था कि यहां चीजें कैसे काम करती हैं और एक नई दुनिया में खुद को ढालना आसान नहीं था। लेकिन मैंने अपने डर का सामना किया, नई चीजें सीखीं और आगे बढ़ती रही। शायद यही वजह है कि सौम्या का किरदार मेरे दिल के बहुत करीब है। उसका खुद को समझने, आगे बढ़ने और नए माहौल में अपनी जगह बनाने का सफर मुझे अपने जीवन की याद दिलाता है।"ईशान धवन ने कहा, "मुझे इस कहानी की सबसे खास बात इसके किरदारों की भावनात्मक गहराई और उनके रिश्ते की खूबसूरती लगी। जीत ऐसा इंसान है, जिसे दुनिया निडर, आत्मविश्वासी और मजबूत मानती है। उसकी मौजूदगी हर जगह महसूस होती है और वह आसानी से किसी भी स्थिति से प्रभावित नहीं होता। लेकिन हर इंसान की तरह उसके भी कई पहलू हैं और यही बात उसे खास बनाती है। इन दोनों किरदारों का सफर और उनकी दुनियाओं का एक-दूसरे से जुड़ना इस कहानी को बेहद खास बनाता है।"'ये फितूर तेरा' जल्द ही स्टार प्लस पर प्रसारित किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित