लंदन , जून 22 -- ब्रिटेन में लेबर पार्टी के नेता का पद छोड़ने की घोषणा के बाद, कीर स्टारमर ने नेतृत्व के के चुनाव का रास्ता साफ कर दिया है और यह नौ जुलाई से शुरू होने वाला है।
लंदन के डाउनिंग स्ट्रीट में बोलते हुए, श्री स्टार्मर ने कहा कि उन्होंने पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारी समिति से चुनाव प्रक्रिया के लिए एक समय-सारणी निर्धारित करने के लिए कहा है। ब्रिटिश संसद के ग्रीष्मकालीन अवकाश से पहले नामांकन नौ जुलाई को शुरू होंगे और 16 जुलाई तक चलेंगे। अगर चुनाव की प्रक्रिया शुरू होती है तो उम्मीद है कि सितंबर में संसद के दोबारा शुरू होने से पहले लेबर पार्टी का नया नेता चुन लिया जायेगा।
श्री स्टार्मर ने कहा कि जब तक नेतृत्व का चुनाव पूरा नहीं हो जाता वह प्रधानमंत्री के पद पर बने रहेंगे और सत्ता का सुचारू हस्तांतरण सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि वह व्यवस्थित तरीके से पद सौंपने के लिए हर संभव कोशिश करेंगे। इसके साथ ही वह अपने उत्तराधिकारी को पूरा समर्थन और आत्मविश्वास देंगे।
श्री स्टार्मर ने स्वीकार किया कि अगले आम चुनाव में लेबर पार्टी का नेतृत्व करने के लिए वह सबसे सही व्यक्ति नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने पार्टी नेता का पद छोड़ने के अपने फ़ैसले की जानकारी राजा किंग चार्ल्स तृतीय को दे दी है। वह 2020 से लेबर पार्टी का नेतृत्व कर रहे हैं और जुलाई 2024 में पार्टी की आम चुनाव में जीत के बाद प्रधानमंत्री बने। मई के चुनावों में लेबर पार्टी को स्थानीय परिषद की सीटें गंवानी पड़ीं।
श्री स्टार्मर जुलाई 2024 में ब्रिटेन की लड़खड़ाती अर्थव्यवस्था को सुधारने और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के वादे के साथ सत्ता में आए लेकिन ज़मीनी स्तर पर ज़्यादा कुछ नहीं बदला। विकास दर एक प्रतिशत से थोड़ी ज़्यादा पर ही अटकी रही, सरकार 15 लाख घर बनाने का अपना लक्ष्य पूरा नहीं कर सकी और ईरान युद्ध के कारण से ऊर्जा की बढ़ती कीमतों ने उत्पादन पर और बुरा असर डाला। उनके इस्तीफ़े से ब्रिटेन में एक अहम राजनीतिक बदलाव की शुरुआत हुई है और उम्मीद है कि यहां 2016 के बाद सातवें प्रधानमंत्री बनेंगे।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के सहयोगी और 'रिफॉर्म यूके' के नेता नाइजेल फराज ने श्री स्टार्मर के इस्तीफ़े की घोषणा के बाद चुनाव की मांग की है।
श्री फ़ाराज ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "अगर लेबर पार्टी को लगता है कि वह किसी और पेशेवर राजनेता को प्रधानमंत्री आवास में बिठा सकती है तो वह गलतफहमी में है।"ब्रिटिश कानून के अनुसार, सत्ताधारी लेबर पार्टी को पिछले आम चुनाव के पांच साल बाद यानी 2029 तक अगला आम चुनाव कराने की ज़रूरत नहीं है। सरकारें चाहें तो इससे पहले भी चुनाव करवा सकती हैं हालांकि लेबर पार्टी ने ऐसा कोई संकेत नहीं दिया है कि वह ऐसा करने का इरादा रखती है।
ग्रेटर मैनचेस्टर के मेयर एंडी बर्नहम को उत्तर-पश्चिम इंग्लैंड में मेकरफील्ड उपचुनाव जीतने और संसद में अपनी वापसी सुनिश्चित करने के बाद प्रधानमंत्री पद का मुख्य उम्मीदवार माना जा रहा है।
श्री बर्नहैम 16 साल तक सांसद रहे और वेस्टमिंस्टर छोड़ने से पहले स्वास्थ्य मंत्री बने, जिसके बाद वे ग्रेटर मैनचेस्टर के पहले मेयर बने। मिलनसार और सहज बातचीत करने वाले श्री बर्नहैम चुपचाप ब्रिटेन के सबसे लोकप्रिय राजनेताओं में से एक बन गये जबकि उनकी पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर उथल-पुथल से गुज़र रही थी।
स्थानीय चुनावों में लेबर पार्टी की करारी हार के कुछ ही हफ़्ते बाद, मेकरफ़ील्ड उपचुनाव में रिफ़ॉर्म यूके को ज़बरदस्त तरीके से हराने से उन्हें लेबर पार्टी नेतृत्व की दावेदारी के लिए ज़रूरी संसदीय सीट और इसके लिए चुनौती देने का अवसर मिला है। उनके समर्थकों का तर्क है कि आम चुनाव में रिफ़ॉर्म यूके को हराने के मामले में वह श्री स्टार्मर से बेहतर स्थिति में हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित