चंडीगढ़ , मार्च 09 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सदन में शोक प्रस्ताव पढ़ते हुए स्क्वाड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ और जिला जींद के सफीदों क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाली सात महिलाओं के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।

श्री सैनी ने कहा कि स्क्वाड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ ने देश की सेवा करते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और साहस के साथ किया। उनका असामयिक निधन पूरे देश के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा में योगदान देने वाले वीर सैनिकों का त्याग और बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा।

नायब सिंह सैनी ने जींद जिले के सफीदों क्षेत्र में हुए हादसे में सात महिलाओं की मृत्यु पर भी गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना है, जिसने पूरे प्रदेश को शोकाकुल कर दिया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत महिलाओं के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना जताते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।

विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने भी दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। विधायक बी.बी. बत्रा ने अपनी पार्टी की ओर से शोक व्यक्त किया। सदन में सभी दिवंगतों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित