अहमदाबाद , जुलाई 15 -- स्कोडा ऑटो इंडिया ने गुजरात में अपने नेटवर्क का विस्तार करते हुए अहमदाबाद और हिम्मतनगर में तीन नये बिक्री/सर्विस सेंटर का उद्घाटन किया है।
कंपनी ने बुधवार को बताया कि पश्चिम भारत में अपनी मौजूदगी और मजबूत करने के लिए उसने पीपीएस मोटर्स के सहयोग से ये केंद्र शुरू किये हैं। इनमें नारोडा में नया बिक्री एवं सर्विस सेंटर, मणिनगर में नया शोरूम तथा हिम्मतनगर में नया कॉम्पैक्ट 3एस (सेल्स, सर्विस और स्पेयर्स) केंद्र शामिल है।
अहमदाबाद के नारोडा में बिक्री एवं सर्विस सेंटर 26,700 वर्ग फुट में फैला है। इसमें छह कारों के प्रदर्शन की व्यवस्था, 19 सर्विस-बे और त्वरित रखरखाव एवं मरम्मत के लिए समर्पित स्कोडा एक्सप्रेस केयर बे उपलब्ध है। मणिनगर डीलरशिप 4,800 वर्ग फुट में है, जिसमें सात कारों के प्रदर्शन की क्षमता है। हिम्मतनगर का नया कॉम्पैक्ट 3एस सेंटर 10,600 वर्ग फुट क्षेत्र में विकसित किया गया है। इसमें चार कारों के प्रदर्शन के साथ चार सर्विस-बे वाली सर्विस सुविधा भी उपलब्ध है।
नये स्थापित सभी बिक्री एवं सर्विस केंद्र स्कोडा ऑटो की वैश्विक मॉडर्न सॉलिड डिजाइन फिलॉसफी पर आधारित हैं। इन नये केंद्रों के जुड़ने के साथ अब स्कोडा ऑटो इंडिया के गुजरात के 16 शहरों में कुल 25 कस्टमर टचपॉइंट्स हो गये हैं। इन शहरों में अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, राजकोट, वापी, गांधीनगर, आनंद, भरूच, भावनगर, गांधीधाम, हिम्मतनगर, जामनगर, जूनागढ़, मेहसाणा, मोरबी और नवसारी शामिल हैं।
स्कोडा ऑटो इंडिया के ब्रांड निदेशक आशीष गुप्ता ने बताया कि केवल अहमदाबाद में ही अब कंपनी के पांच कस्टमर टचपॉइंट संचालित हो रहे हैं। कंपनी का उद्देश्य ग्राहकों के और करीब अपनी पूरी उत्पाद श्रृंखला उपलब्ध कराना तथा उन्हें सर्वोच्च स्तर की सेवा और देखभाल प्रदान करना है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि कंपनी काइलैक, नयी कुशाक, कोडिएक और स्लाविया जैसे मॉडलों के साथ इस महत्वपूर्ण बाजार में स्कोडा ब्रांड को और मजबूत करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित