सोनीपत , मई 14 -- हरियाणा के सोनीपत एनएच-334बी पर नासिरपुर गांव के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर ईंधन चोरी का मामला सामने आया है। दो युवक कथित तौर पर कार में 1,701 रुपये का डीजल भरवाने के बाद बिना भुगतान किये फरार हो गये। आरोपी दिल्ली में पंजीकृत आई20 कार में आये थे।

पेट्रोल पंप संचालक वासु चुघ के अनुसार, युवकों ने ऑनलाइन भुगतान करने की बात कहकर टाइमर रहित क्यूआर स्कैनर मांगा। आरोप है कि उन्होंने स्कैनर की फोटो खींचकर किसी अन्य व्यक्ति को भेजी और भुगतान होने का दिखावा किया। कुछ देर तक रुककर संदेह से बचने के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गये।

शिकायत के मुताबिक, कार के आगे दिल्ली की नंबर प्लेट लगी थी, जबकि पीछे की नंबर प्लेट गायब थी। वाहन की खिड़कियों पर काली फिल्म भी लगी हुई थी। घटना के तुरंत बाद पेट्रोल पंप संचालक ने डायल-112 पर सूचना दी।

ओपी जिंदल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। राय थाना पुलिस का कहना है कि वाहन नंबर और फुटेज के आधार पर आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित