अलवर , जुलाई 27 -- राजस्थान में अलवर जिले के रैणी कस्बे में सोमवार को टैम्पो से गिरने से एक मासूम छात्र की मौत हो गयी।
मृतक की पहचान दीक्षित कुमार निवासी बाजोली गांव के रूप में हुई है। वह रैणी के एक निजी स्कूल में एलकेजी का छात्र था। मासूम की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाजोली रोड स्थित पानी की टंकी के पास बच्चों से क्षमता से अधिक भरे एक निजी स्कूल के टैंपो से एक मासूम सड़क पर गिर गया। इससे पहले कि चालक वाहन रोक पाता, टैंपो का पिछला पहिया बच्चे के सिर के ऊपर से गुजर गया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर जयपुर भेजा गया जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्कूल का टैंपो क्षमता से अधिक बच्चों को लेकर जा रहा था। वाहन में बच्चों को ठूंस-ठूंसकर बैठाया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित