भीलवाड़ा , मार्च 05 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के करेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, गोरख्या में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करके उनसे चुराया गया सामान बरामद कर लिया है।

पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि अज्ञात चोरों ने स्कूल के ताले तोड़कर मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) के लिए रखा 90 किलोग्राम गेहूं, 15 किलोग्राम चावल, गैस चूल्हा, बर्तन (थालियां, गिलास, धामे), पंखे, खेल सामग्री और कार्यालय से चेकबुक, पासबुक एवं एक हजार रुपये की नकदी पार कर दी थी। थाना प्रभारी पूरणमल ने बताया कि मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और पुराने चालानशुदा अपराधियों पर निगरानी रखी। संदिग्धों के मोबाइल फोनों की जांच के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने चोरी करना स्वीकार कर लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित