नयी दिल्ली , जुलाई 31 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने सिविल लाइंस क्षेत्र में एक स्कूली छात्रा के कथित यौन शोषण के मामले को बेहद गंभीर बताते हुए दिल्ली सरकार से सभी स्कूलों के लिए मानक संचालन प्रक्रिया लागू करने की मांग की है।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि स्कूल बसों और निजी वैन के ड्राइवरों एवं हेल्परों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य किया जाये तथा इस संबंध में शिक्षा निदेशालय, दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किये जायें।

श्री यादव ने कहा कि यह घटना बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल के महीनों में दिल्ली में बच्चों और महिलाओं के खिलाफ कई गंभीर अपराध सामने आये हैं, जो सुरक्षा तंत्र की विफलता को दर्शाते हैं। वर्ष 2026 के पहले छह महीनों में नाबालिगों के खिलाफ 1,404 आपराधिक मामले दर्ज हुए, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 30 प्रतिशत अधिक हैं। उन्होंने मांग की कि सभी स्कूल कानूनी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करें और बिना पुलिस सत्यापन के किसी भी ड्राइवर या हेल्पर को स्कूल परिवहन से न जोड़ा जाये।

श्री यादव ने कहा कि स्कूलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना और बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना दिल्ली सरकार, शिक्षा निदेशालय और दिल्ली पुलिस की साझा जिम्मेदारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित