, Jan. 24 -- अलवर, 24 (जनवरी) राजस्थान में अलवर जिले के कठूमर थाना क्षेत्र में बेरका गांव के पास एक निजी स्कूल की बस पलटने से पांच बच्चे घायल हो गये। प्राप्त जानकारी के अनुसार स्कूल की बस बच्चों को लेकर सुंडयाना जा रही थी कि बस चालक की लापरवाही से बेरका गांव से थोड़ा आगे बस अनियंत्रित होकर पलट गयी। इससे पांच बच्चे घायल हो गये, जिन्हें एम्बुलेंस की सहायता से इलाज के लिए कठूमर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी।

घटना की सूचना पर एसडीएम श्यामसुंदर चेतीवाल भी अस्पताल पहुंचे और बच्चों की कुशलक्षेम जानी। इससे पहले दुर्घटना स्थल पर सूचना मिलने पर तहसीलदार भानुप्रताप सिंह एवं कठूमर पुलिस मय जाप्ता के मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की सहायता से बस से बच्चों को बाहर निकाला। बाद में क्रेन की सहायता से बस को सीधा करवाया गया।

उपखंड अधिकारी श्याम सुंदर चेतीवाल ने कहा कि विद्यालयों में चल रही सभी बसों की सघन सघन जांच करवाकर उनके मानकों को जांचा जायेगा और नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित