अलवर , जनवरी 30 -- राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक निजी स्कूल की बस की चपेट में आने से उसी स्कूल की बालिका की मौत हो गयी।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि बामनीखेड़ा गांव में राखी (छह) पुत्री दीपचंद रामगढ़ के एक निजी विद्यालय में पहली कक्षा की छात्रा थी। वह रोज अपने भाई तन्नू और गांव के अन्य बच्चों के साथ स्कूल बस से आती-जाती थी। गुरुवार को अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे गांव के अम्बेडकर भवन के सामने बच्चे बस से उतर रहे थे कि उसका आठ वर्षीय भाई तन्नू आगे बढ़ गया और छह वर्षीय मासूम राखी बस के पीछे खड़ी रह गयी। तभी बस चालक ने बस को पीछे की ओर किया। इससे राखी सीधे बस के पिछले पहिए के नीचे आ गयी और उसकी मौके पर ही मौत हो गयी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव रामगढ़ उप जिला अस्पताल पहुंचाया जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। थानाधिकारी विजेन्द्र सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित