कोरिया , सितंबर 12 -- छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में शनिवार को एक छात्रा की स्कूल बस की चपेट में आने से मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार घटना सोनहत थाना क्षेत्र के धनपुर बस्ती की है। मृतका की पहचान प्रिंसि के रूप में हुई है। वह सोनहत स्थित भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल में कक्षा दूसरी की छात्रा थी।
बताया गया कि आज सुबह करीब साढ़े सात बजे प्रिंसि स्कूल जाने के लिए बस में बैठने घर से निकली थी। इसी दौरान स्कूल की बस की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनहत ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर सोनहत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित