भिण्ड , अगस्त 24 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार को संयुक्त रूप से स्कूल बसों की जांच की। टीम ने माउंट लिटेरा स्कूल और मॉडल स्कूल में कुल 26 बसों की जांच की। इनमें चार बसें पूरी तरह अनफिट मिलने पर जब्त कर ली गईं।

माउंट लिटेरा स्कूल की 15 बसों की जांच में अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड किट, इमरजेंसी गेट, खिड़की की रेलिंग, सीसीटीवी और पैनिक बटन सहित सुरक्षा व्यवस्थाओं में कई कमियां मिलीं। छोटी कमियों को दूर करने के लिए स्कूल प्रबंधन को समय देते हुए निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जांच के दौरान अधिकारियों ने चालक-परिचालकों से सुरक्षा उपकरणों के संचालन और आपात स्थिति में उनके इस्तेमाल के बारे में जानकारी ली। कुछ चालक अग्निशमन यंत्र की पिन तक नहीं निकाल सके। अधिकारियों ने एक चालक को मौके पर अग्निशमन यंत्र चलाने का तरीका समझाया और अभ्यास कराया।

इसके बाद मॉडल स्कूल की 11 बसों की जांच की गई। इनमें चार बसों के इमरजेंसी गेट लॉक मिले और आपात स्थिति में नहीं खुल रहे थे। सुरक्षा संबंधी अन्य कमियां मिलने पर अधिकारियों ने चारों बसों को अनफिट घोषित कर जब्त कर लिया।

ट्रैफिक टीआई राघवेंद्र भार्गव ने बताया कि स्कूल बसों की जांच का अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा। स्कूल प्रबंधन को बसों की नियमित जांच कराने तथा चालक-परिचालकों को सुरक्षा उपकरणों के संचालन और आपात स्थिति में की जाने वाली कार्रवाई का प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित