भभुआ , सितंबर 28 -- बिहार में कैमूर जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र से स्कूल जाने के लिए घर से निकलीं चार लापता बच्चियों को पुलिस ने मध्य प्रदेश के भोपाल रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया है।
पुलिस ने आगे की प्रक्रिया में न्यायालय में बयान दर्ज कराने के बाद चारों बच्चियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से सोमवार को जारी सूचना के अनुसार, 23 सितंबर को एक व्यक्ति के लिखित आवेदन के आधार पर भगवानपुर थाना में यह मामला दर्ज किया गया था। आवेदन में बताया गया था कि 22 सितंबर को चार बच्चियां स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, कैमूर के निर्देश पर भगवानपुर थानाध्यक्ष एवं जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी अनुसंधान के जरिए प्राप्त लोकेशन के आधार पर भोपाल रेलवे स्टेशन से चारों बच्चियों को सकुशल बरामद कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित