हमीरपुर , मार्च 7 -- उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के सुमेरपुर क्षेत्र में शनिवार को स्कूल जा रहे एक प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक शिक्षक की एक माह पूर्व ही गहतौली विद्यालय में तैनाती हुई थी।

पुलिस के अनुसार सिडरा गांव निवासी सुरेंद्र यादव (42) प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक थे। उनकी तैनाती पहले हेलापुर के प्राथमिक विद्यालय में थी। बाद में एक माह पूर्व उन्हें बहाल कर प्राथमिक विद्यालय गहतौली में नियुक्त किया गया था।

शनिवार सुबह शिक्षक बाइक से विद्यालय जा रहे थे। रास्ते में गहतौली के पास स्थित रेलवे गेट संख्या 39 पर पहुंचने पर गेट बंद था। बताया गया कि उन्होंने बाइक खड़ी कर गेट के नीचे से निकलकर रेलवे ट्रैक पार करने का प्रयास किया। इसी दौरान अचानक आई मालगाड़ी की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

खंड शिक्षा अधिकारी प्रभाकर सिंह तोमर ने बताया कि हेलापुर में तैनाती के दौरान अभिभावकों की शिकायत के बाद जांच के उपरांत नवंबर माह में उन्हें निलंबित किया गया था। बाद में एक माह पूर्व उन्हें बहाल कर गहतौली में नई तैनाती दी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे।

थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित