फतेहाबाद , मई 11 -- हरियाणा में फतेहाबाद-रतिया रोड स्थित गांव अयाल्की में सोमवार को बड़ा हादसा टल गया, जब तेज रफ्तार ट्राला गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मुख्य गेट में जा घुसा।

गनीमत रही कि हादसे के समय गेट के पास कोई छात्र या स्कूल स्टाफ मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। स्कूल का मुख्य गेट इस हादसे में हालांकि पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बिजली की तारें भी लटक गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्राला रतिया की ओर से फतेहाबाद आ रहा था। स्कूल के पास बने स्पीड ब्रेकर पर पहुंचते ही चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गया और सीधे स्कूल के गेट से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सीमेंट का गेट टूटकर बिखर गया।

बताया जा रहा है कि ट्राला बाद में गेट के पास खड़े पेड़ से टकराकर रुका। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

ग्रामीणों ने बताया कि इसी गेट से मॉडल संस्कृति प्राइमरी स्कूल, गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल और गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल के बच्चे आते-जाते हैं। हादसा स्कूल की छुट्टी से कुछ समय पहले हुआ। लोगों का कहना है कि यदि उस समय बच्चे गेट के पास होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित