वाराणसी , अगस्त 27 -- वाराणसी में स्कूलों की बदहाली से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश प्रवक्ता मुकेश सिंह को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया।
मुकेश सिंह ने 'स्कूल ठीक करो' अभियान के तहत आदमपुर क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय कोनिया का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया था। पुलिस का आरोप है कि वीडियो के माध्यम से भ्रामक सूचना प्रसारित की गई।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में प्राथमिक विद्यालय कोनिया के प्रधानाध्यापक कमलेश दत्त पांडेय की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मुकेश सिंह को गिरफ्तार किया।
प्रधानाध्यापक के अनुसार, विद्यालय की छत गिर गई थी, जिसके कारण विद्यालय को दूसरे भवन में स्थानांतरित किया गया है। विद्यालय बंद नहीं किया गया है। उनका आरोप है कि सोशल मीडिया पर विद्यालय के संबंध में गलत जानकारी प्रसारित की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित