कानपुर , मार्च 30 -- जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कानपुर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में निर्देश दिया गया कि स्कूलों के सामने सड़क पर किसी भी प्रकार की वाहन पार्किंग नहीं होगी। विद्यालयों को अपने परिसर में ही बसों, अन्य वाहनों और अभिभावकों के वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था करनी होगी। साथ ही स्कूल खुलने और छुट्टी के समय मुख्य द्वार पर कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी, ताकि यातायात बाधित न हो।

परिवहन व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए शहर के 81 विद्यालयों की नई समय सारिणी निर्धारित की गई है, जो 1 अप्रैल 2026 से लागू होगी। संबंधित विद्यालयों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए हैं। बैठक में जीटी रोड पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए। पीडब्ल्यूडी के अनुसार हाल ही में 14 अवैध दुकानों को हटाया गया है और आगे भी अभियान जारी रहेगा।

रामादेवी और नारामऊ क्षेत्र में मॉडल शॉप और सब्जी मंडी के कारण लगने वाले जाम पर भी चर्चा हुई। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं और समय सीमा के बाद कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने 1 से 15 अप्रैल तक स्कूली वाहनों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग की टीमें स्कूलों में जाकर वाहनों की फिटनेस और दस्तावेजों की जांच करेंगी।

इसके अलावा एलिम्को के पास फुटओवर ब्रिज निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए गए। बैठक में डीसीपी ट्रैफिक, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, एआरटीओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित