जयपुर , अप्रैल 16 -- राजस्थान में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य सरकार के शैक्षणिक सत्र 2026-27 में स्कूली शिक्षा से चार पुस्तकों को विलोपित करने के निर्णय को इतिहास पर सीधा हमला करार दिया है।
श्री डोटासरा ने गुरुवार को इस पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि यह सोच को नियंत्रित करने और मिटाने की साजिश है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार कक्षा 9 की राजस्थान का स्वतंत्रता आंदोलन एवं शौर्य परंपरा, कक्षा 10 की राजस्थान का इतिहास एवं संस्कृती, कक्षा 11 में पढ़ाई जाने वाली आजादी के बाद का स्वर्णिम भारत और कक्षा 12 की आजादी के बाद का स्वर्णिम भारत भाग 2 को सिलेबस से हटाकर प्रदेश की पूरी एक पीढ़ी को आधा अधूरा सच पढ़ाना चाहती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को जवाब देना चाहिए की कक्षा 9 से 12 तक जिन किताबों को हटाया गया है उनसे भाजपा को क्या परेशानी है क्या भाजपा की असली परेशानी देश के निर्माण की वास्तविक कहानी से है। क्या इसलिए हटाया गया है क्योंकि इन पुस्तकों में कांग्रेस के उन महान नेताओं का योगदान दर्ज है जिन्होंने देश को सशक्त करके मजबूत भारत का निर्माण किया लेकिन वह भाजपा की राजनीति के अनुकूल नहीं है।
उन्होंने कहा कि अगर कुछ गलत तथ्य थे तो सुधार किया जा सकता है लेकिन किताब हटाना साफ जाहिर करता है कि मकसद सुधार नहीं इतिहास मिटाना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित