जालौन , अप्रैल 10 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में अकबरपुर इटौरा स्थित ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल की स्कूली वैन पलटने के मामले में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर विद्यालय प्रबंधन, वाहन स्वामी और चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई शुरू की गई है। वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि नौ अप्रैल को दोपहर करीब 1:20 बजे बच्चों को लेकर जा रही निजी ईको वाहन इटौरा-काशीखेड़ा मार्ग पर लोहरगांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। जांच में सामने आया कि वाहन बिना वैध स्कूली परमिट, फिटनेस और आवश्यक सुरक्षा मानकों के संचालित किया जा रहा था, जो नियमों का उल्लंघन है।
घटना को गंभीर मानते हुए विद्यालय की प्रबंधक कीर्ति सिंह, प्रधानाचार्य गोविंद सिंह, वाहन स्वामी कपिल और अज्ञात चालक के खिलाफ कोतवाली कालपी में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है। परिवहन विभाग के अनुसार 'विद्यालय परिवहन यान सुरक्षा समिति' के नियमों की अनदेखी लगातार की जा रही थी। विभाग ने चेतावनी दी है कि बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में परिवहन विभाग की टीमों ने जिले में स्कूली वाहनों के खिलाफ अभियान चलाते हुए नियमों का उल्लंघन करने पर छह वाहनों के विरुद्ध चालान और निरुद्ध की कार्रवाई की है। विभाग ने स्पष्ट किया कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित