पटना , जनवरी 31 -- 10 से 16 वर्ष आयु वर्ग के स्कूली बच्चों में खेलों को प्रोत्साहित करने और उन्हें सशक्त बनाने के उद्देश्य से बिहार स्पोर्ट्स महासंग्राम के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण प्रिंसिपल्स मीट एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को किया गया।
इस कार्यक्रम में राज्य भर के सरकारी एवं निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने भाग लिया और स्कूल स्तर पर खेलों के विकास को लेकर विचार-विमर्श किया गया।यह कार्यक्रम बिहार पब्लिक स्कूल एवं चिल्ड्रन वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष डी.के. सिंह के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों को बिहार स्पोर्ट्स महासंग्राम की दृष्टि, उद्देश्य और कार्ययोजना से जोड़ना तथा खेलों को शिक्षा का अभिन्न हिस्सा बनाने की दिशा में साझा रणनीति तैयार करना था। इस दौरान स्कूलों की भूमिका, जिम्मेदारी और सहभागिता पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता एवं बिहार सरकार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह तथा पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश उपस्थित रहे। दोनों मंत्रियों ने अपने संबोधन में बिहार स्पोर्ट्स महासंग्राम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की सुव्यवस्थित और स्कूल-केंद्रित पहल बिहार के खेल परिदृश्य को नई ऊँचाइयों तक ले जाने में निर्णायक साबित होगी।
मुख्य अतिथियों ने कहा कि स्कूल स्तर पर प्रतिभाओं की पहचान, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन ही भविष्य के सफल खिलाड़ियों की मजबूत नींव रखता है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि यह पहल शहरी और ग्रामीण, सरकारी और निजी विद्यालयों के छात्रों को समान अवसर प्रदान कर रही है, जो खेलों में समावेशिता और समानता को बढ़ावा देता है। छात्र सुरक्षा, पारदर्शिता और निष्पक्ष खेल को कार्यक्रम की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया गया।
इस पहल से प्रसिद्ध अभिनेता एवं समाजसेवी सोनू सूद को रोल मॉडल के रूप में जोड़ा गया है, जबकि फिटनेस विशेषज्ञ रजत दलाल को फिटनेस फेस बनाया गया है, जो बच्चों को स्वस्थ, सक्रिय और अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे। आयोजकों के अनुसार, यह प्रिंसिपल्स मीट बिहार में एक मजबूत, पारदर्शी और टिकाऊ स्कूल खेल व्यवस्था के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरगामी कदम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित