बारां , जुलाई 10 -- राजस्थान में बारां जिले के हरनावदाशाहजी थाना क्षेत्र में पुलिस ने सौर संयंत्र से केबल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदाशु ने शुक्रवार को बताया कि लालगढ़ ईदगाह के सामने स्थित सौर संयत्र से अज्ञात व्यक्ति करीब आठ बंडल ताम्बे के तार चोरी करके ले गया था।
उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी दीनदयाल के नेतृत्व में विशेष पुलिस दल का गठन किया गया। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध अरुण (19) को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर संयंत्र से तार चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि चोरी की गयी केबल को जलाकर उसमें से निकले तांबे के तार स्थानीय कबाड़ी जाबिर खान (28) को बेच दिये थे।
श्री अंदाशु ने बताया कि पुलिस ने आरोपी अरुण और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी जाबिर खान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गयी केबल से प्राप्त ताम्बे का तार भी बरामद कर लिया गया है। अरुण के एक अन्य साथी की तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित