कोलकाता , जून 28 -- भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली ने खुलासा किया है कि उनकी बायोपिक अगले वर्ष अप्रैल में रिलीज होगी। इस फिल्म में गांगुली का किरदार राजकुमार राव निभा रहे हैं। पहले अनुमान जताया जा रहा था कि यह फिल्म इसी वर्ष दिसंबर में रिलीज हो सकती है।

सौरव गांगुली ने बताया, "फिल्म की करीब 75 प्रतिशत शूटिंग पहले ही पूरी हो चुकी है। बाकी बची 25 प्रतिशत शूटिंग इंग्लैंड में की जायेगी। हम जुलाई में लॉर्ड्स, द ओवल और यॉर्कशायर में शूटिंग कर सकते हैं। इसके बाद, पोस्ट-प्रोडक्शन में काफी समय लगेगा। इसलिए रिलीज को आगे बढ़ाकर अप्रैल कर दिया गया है।"फिल्म में राजकुमार राव उनकी भूमिका निभा रहे हैं, इस पर सौरव गांगुली ने कहा कि इस चयन से उन्हें इस प्रोजेक्ट पर पूरा भरोसा मिला है। अभिनेता के अभिनय की तारीफ करते हुए सौरव गांगुली ने राजकुमार राव को बेहतरीन प्रतिभा बताया और कहा कि उन्होंने 'शानदार काम' किया है।

अपने खेल में शानदार हुनर के लिए अक्सर 'महाराजा' के रूप में जाने जाने वाले पूर्व कप्तान ने खुलासा किया कि वे शुरुआत से ही इस प्रोजेक्ट से गहराई से जुड़े हुए हैं। वे फिल्म निर्माताओं के साथ मिलकर शुरुआत से काम कर रहे हैं और स्क्रिप्ट, स्क्रीनप्ले (पटकथा) के साथ-साथ अपने जीवन के खास पलों को पर्दे पर दोबारा जीवंत करने में अपना योगदान दे रहे हैं। पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष ने 'यूनीवार्ता' से कहा, "इस फिल्म की कहानी मेरी है। यह मेरी जिंदगी है और इसे मैंने ही बयान किया है। मेरी कहानी को मुझसे बेहतर कोई नहीं जान सकता। कहानी लिखने और पटकथा तैयार करने से लेकर हर सीन को कैसे शूट किया जाना चाहिए, यह तय करने तक, मैं इन प्रक्रियाओं के हर चरण से जुड़ा रहा हूं। मुझे उम्मीद है कि जब यह फिल्म रिलीज होगी, तो हर कोई इसका आनंद लेगा।"यह फिल्म क्रिकेट से संन्यास लेने तक के 'दादा' के जीवन के सफर को दिखाती है। फिल्म खेल में आने से पहले के उनके शुरुआती वर्षों से शुरू होती है, उनके खेलने के करियर का पता लगाती है और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से उनके संन्यास के साथ समाप्त होती है। यह बायोपिक मुख्य रूप से उन चीजों पर ध्यान केंद्रित करती है, जिन्होंने उन्हें भारत के सबसे प्रभावशाली क्रिकेट कप्तानों में से एक बना दिया।

जब उनसे पूछा गया कि क्या क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर और महेंद्र सिंह धोनी की तुलना में उनकी बायोपिक आने में देरी हुई है, तो सौरव गांगुली ने कहा कि यह समय और परिस्थितियों की बात थी, न कि कोई देरी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित