मोतिहारी , जून 22 -- भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) 2019 बैच के अधिकारी सौरभ सुमन यादव ने सोमवार को पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी एवं जिला दंडाधिकारी के रूप में अपना आधिकारिक पदभार ग्रहण किया।

कार्यभार संभालने के दौरान अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सिंहा, अपर समाहर्ता (लोक शिकायत निवारण) शैलेंद्र कुमार भारती, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) मो. सिबगतुल्लाह, सहायक समाहर्ता राज कृष्ण झा, वरीय कोषागार पदाधिकारी विजय कुमार, वरीय उप समाहर्ता प्रेमलता, वरीय उप समाहर्ता अमरेश कुमार तथा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ज्ञानेश्वर प्रकाश सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

श्री यादव ने पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि जिले का सर्वांगीण विकास और आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन शिकायतों के निष्पादन के लिए सरकार की ओर से निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।

नवनियुक्त जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे आम लोगों को उनका लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित