वाराणसी , जुलाई 3 -- वाराणसी में सिंधोरा थाना क्षेत्र के मझवा गांव में जमीनी विवाद में युवक की हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, दो जुलाई को पट्टीदारों के बीच लंबे समय से चले आ रहे भूमि विवाद और आपसी रंजिश को लेकर हुए विवाद के दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने सौरभ सिंह (पुत्र सर्वेश सिंह) को गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल सौरभ को उपचार के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पिता की तहरीर पर सिंधोरा थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत बबलू सिंह, रिशु सिंह, देवी सिंह, राजेश सिंह, गोलू सिंह और हरिओम सिंह के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त गोमती जोन, अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन तथा सहायक पुलिस आयुक्त पिंडरा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद गठित पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। इसी क्रम में शुक्रवार को थाना सिंधोरा पुलिस ने मामले के नामजद एवं वांछित आरोपी रिशु सिंह (22), देवी सिंह (58), राजेश सिंह (55) और गोलू सिंह (27) को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी मझांवा गांव के निवासी हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

मामले के दो अन्य नामजद आरोपी बबलू सिंह और हरिओम सिंह अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई पूरी की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित