नयी दिल्ली , मई 18 -- महाराष्ट्र कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारी सौरभ विजय ने भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के रूप में सोमवार को कार्यभार ग्रहण किया।
श्री विजय 1998 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार और भारत सरकार में कई पदों पर काम किया है। उन्होंने आईआईटी-दिल्ली से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है।
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण में शामिल होने से पहले, वह महाराष्ट्र सरकार के वित्त विभाग में प्रधान सचिव (व्यय) थे। इस पद पर रहते हुए उन्होंने महाराष्ट्र के योजना एवं विकास आयुक्त के प्रधान सचिव, पर्यटन के प्रधान सचिव, चिकित्सा शिक्षा सचिव, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा सचिव का कार्यभार संभाला।
उन्होंने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कई महत्वपूर्ण पदों पर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्य किया है। वह नयी दिल्ली में राष्ट्रपति सचिवालय में निदेशक और वाशिंगटन डीसी में विश्व बैंक में बांग्लादेश, भूटान, भारत और श्रीलंका के कार्यकारी निदेशक के सलाहकार की भूमिकाओं में सेवा दे चुके हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित