नोएडा , जून 17 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर-113 थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित महागुन मिराविला सोसायटी के बेसमेंट पार्किंग क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहां रविवार की रात एक व्यक्ति द्वारा कार पार्क करते समय कथित रूप से ब्रेक की जगह गलती से एक्सीलेटर दबा दिया गया, जिससे वहां मौजूद माँ-बेटी कार की चपेट में आ गईं।
पुलिस ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलने पर सेक्टर-113 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में ले लिया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस द्वारा प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक कार को पार्क कर रहा था, तभी वाहन नियंत्रण से बाहर होकर माँ-बेटी से टकरा गया। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों और चालक की लापरवाही की जांच की जा रही है।
हादसे में महिला को गंभीर चोटें आईं और उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया, जबकि उनकी बेटी को मामूली चोटें लगीं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
सेक्टर-113 थाना पुलिस ने बताया कि मामले में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है तथा साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है ताकि घटना के सभी पहलुओं को स्पष्ट किया जा सके।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लायी जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित