नैनीताल , जुलाई 11 -- उत्तराखंड में सोशल मीडिया पर नैनी झील में गंदगी की शिकायत सामने आने के बाद नैनीताल जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शनिवार को झील में बृहद सफाई अभियान चलाया।
प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे के निर्देश पर नगर पालिका परिषद और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम ने करीब दो घंटे तक अभियान चलाकर झील और उसके किनारों को कचरा मुक्त किया।
उपजिलाधिकारी नैनीताल के नेतृत्व में चले अभियान के दौरान झील के जल क्षेत्र और किनारों पर जमा प्लास्टिक, पॉलिथीन तथा अन्य अपशिष्ट सामग्री को एकत्र कर उसका नियमानुसार निस्तारण किया गया।
प्रभारी जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नैनीझील की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और विशेष रूप से उन नालों की सफाई पर ध्यान दिया जाए जो झील में गिरते हैं, ताकि कूड़ा झील तक न पहुंचे। उन्होंने उपजिलाधिकारी को सफाई कार्यों का नियमित निरीक्षण करने तथा नगर पालिका को नगर क्षेत्र में लगातार स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
श्री पाण्डे ने स्पष्ट किया कि नैनी झील जिला और पर्यटन नगरी की पहचान है और इसकी स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति झील या उससे जुड़े नालों में कूड़ा फेंकता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ तत्काल सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी नैनी झील और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने तथा झील एवं नालों में कूड़ा न डालने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित